पटना
बिहार में कांग्रेस को विधायकों के टूटने का डर सता रहा है। पिछले हफ्ते सत्ता गंवाने वाले महागठबंधन के दूसरे सबसे बड़े घटक दल कांग्रेस के विधायक राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन द्वारा खरीद-फरोख्त किए जाने के डर के बीच हैदराबाद पहुंच गए।नीतीश सरकार के फ्लोर टेस्ट से पहले कांग्रेस के 16 विधायक हैदराबाद पहुंचे हैं। ये सभी विधायक रंगारेड्डी के रिसॉर्ट में ठहरेंगे। अब बिहार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कांग्रेस पर तंज कसा है।
कांग्रेस विधायकों के हैदराबाद जाने के बाद बीजेपी ने तंज कसते हुए कहा कि फ्लोर टेस्ट NDA का है और भाग रहे हैं विपक्षी विधायक। वही, बिहार डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहा, ‘घूमाने के लिए ले गए हैं घूमाने दीजिए। दिल्ली आए थे अब उनको हैदराबाद ले जा रहे हैं, तो अच्छी बात है। विधायक घूमेंगे और नवाबों के शहर को देखेंगे। हमारे पास 128 विधायक हैं तो हमें उनकी जरूरत नहीं हैं। हमें कांग्रेस और RJD का समर्थन नहीं चाहिए। हमें जनता का समर्थन चाहिए। जनता के बल पर NDA की सरकार 2020 में बनी है। ये बीच में चोरी करने के लिए कुछ लोग आए थे, तो सबका इलाज होगा।’
बिहार विधानसभा में कांग्रेस के 19 विधायक हैं, जिनमें से 16 मल्लिकार्जुन खरगे के साथ बैठक में शामिल हुए थे। बैठक में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद सिंह और विधान परिषद सदस्य प्रेम चंद्र मिश्रा और मदन मोहन झा भी शामिल हुए थे। बिहार में पार्टी के एक पदाधिकारी ने नाम सार्वजनिक नहीं करने की शर्त पर भाषा को बताया कि ‘जो लोग दिल्ली नहीं आए, उनमें अररिया के विधायक आबिद-उर- रहमान भी शामिल हैं। लेकिन, यह सर्वविदित है कि वह अपनी बेटी की देखभाल में व्यस्त हैं, जो पिछले कुछ समय से काफी अस्वस्थ है।’
हालांकि, बैठक में अनुपस्थित रहने वालों में मनिहारी के विधायक मनोहर प्रसाद सिंह भी शामिल हैं, जिनके सोमवार तक हैदराबाद पहुंचने की उम्मीद है। इसके अलावा, बिक्रम विधानसभा क्षेत्र के विधायक और वर्तमान राज्य नेतृत्व के साथ मतभेद के लिए चर्चित सिद्धार्थ सौरव भी बैठक में शामिल नहीं हुए।










