बिहार

बिहार की राजनीति में पिछले 24 घंटे से भूकंप मचा है। इस बात पर लगभग मुहर लग चुकी है कि नीतीश कुमार एक बार फिर NDA का दामन थामने वाले हैं। इस बात का अंदाजा इससे भी लगा सकते हैं कि शनिवार को दोपहर में लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान दिल्ली में गृह मंत्री अमित शाह और जेपी नड्डा से मिले।अब सवाल ये है कि कल तक एक दूसरे के खिलाफ आग उगलने वाले चिराग पासवान और नीतीश कुमार एक साथ काम कर पाएंगे? नीतीश से दोबारा हाथ मिलाने से पहले भाजपा को कई अहम सवालों के जवाब ढूंढने होंगे।

जब से नीतीश कुमार NDA का साथ छोड़कर आरजेडी के पास गए हैं तब से चिराग पासवान ने उनपर जोरदार हमला किया है। चिराग ने यहां तक कह दिया था कि नीतीश जी कुर्सी के लिए कुछ भी कर सकते हैं। लेकिन अब उनके सुर बदल गए हैं। शनिवार को अमित शाह के साथ मीटिंग के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि बिहार में जो राजनीतिक सुगबुगाहट है वो बहुत हद तक सही है। चिराग ने आगे कहा कि जदयू के साथ गठबंधन की खबर सकारात्मक है। हालांकि, लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने ये भी कहा कि नीतीश कुमार फिलहाल महागठबंधन के ही साथ हैं इसलिए कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी।

चिराग पासवान पिछले 2-3 सालों से बिहार में एक लोकप्रिय नेता बनकर उभरे हैं। इसको देखते हुए NDA उन्हें राज्य में बड़ी जिम्मेदारी सौंप सकती है। हवा में ऐसी भी खबरें उड़ रही है कि चिराग को बिहार का उप मुख्यमंत्री बनाया जा सकता है। खैर, अभी कुछ भी साफ नहीं है, लेकिन इतना जरूर कह सकते हैं कि बिहार में जितनी तेजी से सियासी हलचल हो रही है उसको देखते हुए अगले 24 घंटे काफी अहम हैं।

Leave a Comment